करण जौहर की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत करने वाली अंजली भूषण मागो जल्द ही अपनी पहली फिल्म पर काम शुरू करेंगी। ‘इश्का’ नाम से बनने वाली इस फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होगी। खास बात यह है कि ये पहली ऐसी फिल्म होगी जो साइप्रस में शूट होगी। इस बारे में फिल्म के मेकर्स और साइप्रस के अधिकारियों ने शेयर की है। फिल्म ‘इश्का’ की शूटिंग पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा, ‘साइप्रस में पहली बॉलीवुड फिल्म शूट होने जा रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह आगे और भी कई सहयोगों की शुरुआत होगी। यह साइप्रस के लिए भरोसे का एक बड़ा संकेत है और मुझे यकीन है कि आपको यह पसंद आएगा।
हम इस शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं। पिछले साल जून में साइप्रस में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करना हमारे लिए सौभाग्य की बात थी। यह हमारे संबंधों में एक नए युग की शुरुआत थी। हमने एक नया अध्याय शुरू किया है और हम फिल्म निर्माण सहित सभी क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं।’
फिल्म ‘इश्का’ के अनाउंसमेंट इवेंट पर कई सितारों ने शिरतक की। इस मौके पर जावेद जाफरी, रवि किशन, श्रेया धनवंतरी, एलनाज नौरोजी, गौरव चोपड़ा, अदिती पोहनकर, प्रीति पाणिग्रही उपस्थित रहे। ‘इश्का’ एक रोमांटिक कॉमेडी फीचर फिल्म है जिसकी कहानी भी अंजलि भूषण मागो ने लिखी है।
इस फिल्म के जरिए ‘बेबी डॉल’ और ‘चिट्टियां कलाइयां’ जैसे सुपरहिट गाने देने वाली म्यूजिक कंपोजर जोड़ी मीत ब्रोस भी प्रोडक्शन फील्ड में अपना डेब्यू करेंगी। वो इस फिल्म के कई को-प्रोड्यूसर्स में से एक होंगे।
