फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मई 2026 भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर में नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद द्वारा विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के घड़े रखवाकर शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था शुरू की गई।
इस पहल का उद्देश्य कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, फरियादियों, कर्मचारियों तथा अन्य नागरिकों को भीषण गर्मी के दौरान राहत प्रदान करना है। परिसर के प्रमुख स्थलों पर प्याऊ व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्याऊ स्थलों पर नियमित रूप से स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध रहे तथा व्यवस्थाओं की समय-समय पर निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और नगर निकायों को जनसुविधाओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
इस दौरान नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उपस्थित लोगों ने प्रशासन की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे भीषण गर्मी में राहत देने वाला सराहनीय कदम बताया।
