फर्रुखाबाद: तथागत सामाजिक समिति (TSS) की आवश्यक मासिक बैठक 24 मई को शमशाबाद में होगी आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मई 2026 तथागत सामाजिक समिति (TSS) की एक आवश्यक मासिक बैठक का आयोजन आगामी 24 मई 2026, दिन रविवार को किया जाएगा। बैठक का आयोजन मां वैष्णो गेस्ट हाउस, गंगा रोड, शमशाबाद, फर्रुखाबाद में प्रातः 11:00 बजे से होगा। समिति द्वारा जनपद के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजसेवियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की गई है।

बैठक में समाज हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। समिति द्वारा बताया गया कि इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं प्रेरणादायी नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही समाज की एक विशेष “फोन डायरेक्टरी” हेतु शेष ग्रामों से दस-दस नाम उपलब्ध कराये जाने की अपेक्षा की गई है तथा शेष ग्राम पंचायत अध्यक्षों का मनोनयन किया जाएगा। जिससे समाज के लोगों को आपसी संपर्क और सहयोग में सुविधा मिल सके।

बैठक के दौरान “समाज की धरोहर” नामक पुस्तक के लिए चयनित व्यक्तियों के जन्म एवं मृत्यु संबंधी जानकारी एकत्रित करने का कार्य भी किया जाएगा। समिति ने सभी संबंधित परिवारों एवं सदस्यों से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि समाज के इतिहास और महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों का दस्तावेजीकरण सही ढंग से किया जा सके।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि तथागत सामाजिक समिति समाज में शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शिक्षित करना, समाज में जागरूकता फैलाना, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना तथा समाज के प्रति आत्मसमर्पण और सेवा की भावना विकसित करना है।

समिति ने स्पष्ट किया कि जनपद स्तर के सभी पदाधिकारियों की बैठक में उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। आयोजकों ने कहा कि समाज के उत्थान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी लोगों का सहयोग एवं सहभागिता आवश्यक है।