कासगंज :मंत्री धर्मपाल ने गौ संरक्षण पशुपालकों की आय बढ़ाने पर दिया जोर

कासगंज: मा0 मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनीतिक पेंशन विभाग धर्मपाल सिंह द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में गौ संरक्षण एवं पशुपालकों के हित में विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। मंत्री ने निर्देशित किया कि सभी कान्हा गौशालाओं एवं गौ संरक्षण केंद्रों पर गोबर गैस प्लांट अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं तथा गोशालाओं की भूमि पर हरे चारे एवं घास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे गोवंशों को वर्षभर पर्याप्त चारा उपलब्ध हो सके।
बैठक में मंत्री ने प्रत्येक गौशाला में गोबर से लट्ठे बनाने की मशीन लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे गोबर का सदुपयोग होगा तथा अतिरिक्त आय के स्रोत विकसित होंगे। मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पशुपालकों को गाय वितरित किए जाने पर भी जोर दिया गया, जिससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद कासगंज में भूसा संग्रहण का निर्धारित लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है। मंत्री ने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए गौ संरक्षण से संबंधित योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी कासगंज, पुलिस अधीक्षक, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी सहावर, तहसीलदार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा लोक निर्माण विभाग भवन, सोरों में मा0 मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई।