फर्रुखाबाद: एनसीसी इंटर ग्रुप शूटिंग कैंप में अनुशासन और निष्पक्षता पर कैंप कमांडेंट का जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 मई 2026 संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-32 इंटर ग्रुप शूटिंग कम्पटीशन कैंप के प्रथम दिन कैंप कमांडेंट कर्नल ए.एस. मलिक ने सभी 174 एनसीसी कैडेट्स को ओपनिंग एड्रेस देते हुए अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान कोई भी कैडेट बिना अनुमति कैंप परिसर से बाहर नहीं जाएगा तथा सभी कैडेट्स को स्वास्थ्य, स्वच्छता और समय पालन का विशेष ध्यान रखना होगा।

कर्नल मलिक ने भीषण गर्मी को देखते हुए कैडेट्स को लगातार पानी पीने और डिहाइड्रेशन से बचने की सलाह दी। उन्होंने वॉशरूम और लिविंग एरिया को साफ रखने, आपसी विवाद से दूर रहने तथा लाइन डिसिप्लिन का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित कैडेट के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर भी रोक लगाई गई है।

कैंप कमांडेंट ने सभी कैडेट्स को आश्वस्त किया कि इंटर ग्रुप शूटिंग प्रतियोगिता में किसी भी बटालियन के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और निष्पक्ष निर्णय लिया जाएगा। ओपनिंग एड्रेस का समापन एनसीसी सॉन्ग के साथ हुआ।

इसके बाद प्रातः 8:30 बजे से पीआई स्टाफ द्वारा शूटिंग प्रशिक्षण प्रारंभ कराया गया। प्रशिक्षण कैंप कमांडेंट कर्नल ए.एस. मलिक एवं एडम अफसर कर्नल अमनदीप सिंह खरौड़ की देखरेख में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण प्राप्त कर सभी एनसीसी कैडेट्स उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दिए।

कैंप में कैप्टन बलविंदर सिंह, कैप्टन गिरिजा शंकर, थर्ड अफसर नरेंद्र कुमार, कैंप जेसीओ सूबेदार मेजर नवीन कुमार, सूबेदार दिनेश, सूबेदार शैलेंद्र सिंह एवं सूबेदार गिरिराज किशोर सहित पीआई स्टाफ ने कैडेट्स को शूटिंग प्रशिक्षण प्रदान किया।