फर्रुखाबाद में बड़ा हादसा टला: मसेनी चौराहे पर CNG टैंकर से गैस लीक, हाईवे पर मचा हड़कंप

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 मई 2026 जनपद के मसेनी चौराहे पर नेशनल हाईवे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक सीएनजी टैंकर का वाल्व अचानक खुल जाने से गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ का यातायात तुरंत रोक दिया, जिससे किसी भी संभावित बड़े हादसे को टाला जा सके।

गैस रिसाव के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

काफी देर तक सीएनजी गैस का रिसाव होता रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि पुलिस और संबंधित टीमों की सतर्कता से स्थिति को समय रहते नियंत्रण में कर लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।