फर्रुखाबाद: लिंक एक्सप्रेसवे कार्य में लापरवाही पर दो लेखपाल निलंबित, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 मई 2026 जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत भूमि क्रय एवं अर्जन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उपजिलाधिकारी सदर तथा तहसीलदार सदर मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न ग्रामों में चल रहे भूमि खरीद एवं अभिलेखीय कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा में यह सामने आया कि कुछ राजस्व कर्मियों द्वारा कार्यों में अपेक्षित गति और गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है, जिससे परियोजना की प्रगति प्रभावित हो रही है।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण परियोजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल नीवकरौरी प्रवीन दुबे एवं लेखपाल मदनपुर महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि क्रय से जुड़े सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों से बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए भूमि संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।