सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर रकुल प्रीत सिंह ने किया रिएक्ट, बोले- शोर से दूर रहना चाहिए

आज के समय में सोशल मीडिया कलाकारों के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म बन गया है जहां उन्हें प्यार भी मिलता है और ट्रोलिंग भी झेलनी पड़ती है. एक तरफ जहां फैंस अपने पसंदीदा सितारों से जुड़ पाते हैं. वहीं दूसरी तरफ सितारों की ऑनलाइन ट्रोलिंग भी करते हैं.

इसी मुद्दे पर अब एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने आईएएनएस से खुलकर बातचीत की, इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के असर और उससे थोड़ी दूरी बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया. रकुल प्रीत सिंह ने कहा, ‘एक कलाकार के रुप में ये बहुत जरूरी है कि वो सोशल मीडिया पर होने वाली हर बात को खुद से थोड़ा दूर रखना सीखे. अगर कोई कलाकार इंटरनेट पर लिखी हर बात को दिल से लगाने लगे, तो इसका असर उसके काम और मानसिक स्थिति दोनों पर पड़ सकता है. इसलिए जरूरी है कि कलाकार अपना ध्यान अपने काम पर रखें.’ उन्होंने आगे कहा, ‘कोरोना महामारी के बाद सोशल मीडिया का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है. पिछले कुछ सालों में लोगों के पास ज्यादा समय था. इसका असर ये हुआ कि अब हर टॉपिक पर लोगों की राय बहुत तेजी से सामने आती है और कलाकारों को लगातार आलोचना और कमेंट्स का सामना करना पड़ता है.’