फर्रुखाबाद: केंद्रीय व जिला कारागार में “लीगल हेल्प डेस्क” का उद्घाटन, बंदियों के परिजनों को मिलेगी त्वरित कानूनी सहायता

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मई 2026 उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार के मार्गदर्शन में केंद्रीय कारागार एवं जिला कारागार फतेहगढ़ में “लीगल हेल्प डेस्क” का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/न्यायाधीश बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया।

इस पहल का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों के परिजनों एवं रिश्तेदारों को जेल परिसर में ही त्वरित विधिक सहायता, कानूनी परामर्श तथा लंबित मामलों की जानकारी उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के दौरान न्यायाधीश श्रीमती बिंदिया भटनागर ने उपस्थित बंदियों एवं उनके परिवारजनों को लीगल हेल्प डेस्क की उपयोगिता और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया।

केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में लीगल हेल्प डेस्क संचालन के लिए परा विधिक स्वयंसेवक देवराज सिंह एवं अनुज कुमार को नियुक्त किया गया है, जबकि जिला कारागार फतेहगढ़ में अंजली और प्रियम कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी स्वयंसेवक निर्धारित रोस्टर के अनुसार लोगों को विधिक जानकारी देने और सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) के डिप्टी चीफ सुरेंद्र कुमार राणा ने बंदियों से मुलाकात कर उनके लंबित मामलों की जानकारी ली और उन्हें आवश्यक विधिक राय प्रदान की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर ने बताया कि हेल्प डेस्क के माध्यम से बंदियों के परिजनों को अब जेल परिसर में ही प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि कारागारों के बाहर स्थापित इन हेल्प डेस्क के संचालन के लिए चार परा विधिक स्वयंसेवकों (PLVs) की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि बंदियों और उनके परिवारों को विधिवत सहायता मिल सके।

इस दौरान केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ के अधीक्षक आशीष तिवारी, जिला कारागार फतेहगढ़ के अधीक्षक अरविंद कुमार श्रीवास्तव, जेलर करुणेन्द्र यादव, रविंद्र सिंह, वैभव कुशवाहा, कृष्ण कुमार, दीपक जयंत सहित लीगल एड डिफेंस काउंसिल चीफ शिव नरेश सिंह, प्रशांत गुप्ता, सीता सिंह, जेल विजिटर श्यामवीर सोमवंशी एवं अत्ताउलहक मौजूद रहे।