फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जनपद में संचालित गेहूँ खरीद कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गेहूँ खरीद की प्रगति, उठान की स्थिति तथा क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अब तक कुल 5502 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जबकि इसके सापेक्ष केवल 1485 मीट्रिक टन गेहूँ का ही उठान हो सका है।गेहूँ उठान की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि कम उठान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में कायमगंज मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर गेहूँ भीगने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित मार्केटिंग इंस्पेक्टर के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गेहूँ की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में गेहूँ भीगने अथवा किसी प्रकार की क्षति की घटना सामने आती है तो संबंधित क्रय एजेंसी एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।जिलाधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर गेहूँ के सुरक्षित भंडारण, समयबद्ध उठान तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारु गेहूँ खरीद व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फर्रुखाबाद: गेहूँ उठान में लापरवाही पर डीएम सख्त, जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
