फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मई 2026 जनपद न्यायाधीश महोदय, फर्रुखाबाद ने मंगलवार को स्वयं स्व-गणना (Self Enumeration) कर जनगणना 2027 अभियान का शुभारंभ करते हुए जनपदवासियों को महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया 7 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है और नागरिकों को 21 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी भरने की सुविधा दी गई है।उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक भारत सरकार के आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन, लैपटॉप अथवा कंप्यूटर का उपयोग कर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक है और नागरिक अपनी सुविधा अनुसार इसका लाभ उठा सकते हैं।जनपद न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि जो लोग किसी कारणवश ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि 22 मई 2026 से जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार का विवरण एकत्रित करेंगे।उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा इस अभियान की शुरुआत समाज के सम्मानित एवं विशिष्ट व्यक्तियों के माध्यम से कराई जा रही है, ताकि आमजन में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया में भागीदारी करें।स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया गया कि नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपना प्रदेश चुनना होगा तथा कैप्चा कोड भरना होगा। इसके बाद “परिवार पंजीकरण” प्रक्रिया में परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी (यदि उपलब्ध हो) दर्ज करनी होगी।यह भी बताया गया कि एक बार दर्ज किया गया परिवार के मुखिया का नाम बदला नहीं जा सकेगा तथा एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक ही परिवार के पंजीकरण के लिए मान्य होगा।अंत में जनपद न्यायाधीश महोदय ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अन्य लोगों को भी स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें।
फर्रुखाबाद: जनगणना 2027 जनपद न्यायाधीश ने की स्व-गणना, नागरिकों से सहभागिता की अपील
