फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 मई 2026 डॉ. अंकुर लाठर और आरती सिंह के निर्देश पर रविवार को फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र में मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न और हूटर के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया।चेकिंग अभियान के दौरान तीन ट्रकों को प्रेशर हार्न का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया, जिन्हें तत्काल सीज कर दिया गया। इनमें से दो ट्रक ओवरलोड भी पाए गए। संबंधित वाहनों पर कुल 96 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शीशमबाग, कर्नलगंज और फतेहगढ़ क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिलों की सर्विस और रिपेयर करने वाले गैराजों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कहीं मोडिफाइड साइलेंसर की बिक्री या फिटिंग तो नहीं की जा रही है। हालांकि जांच के दौरान ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया, लेकिन गैराज संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि किसी वाहन स्वामी के लाए गए मोडिफाइड साइलेंसर की फिटिंग की गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी और एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।इसके अलावा मिलिट्री चौराहे पर मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की विशेष चेकिंग की गई, लेकिन कोई भी वाहन नियमों का उल्लंघन करता नहीं मिला।परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 7 मई से 13 मई 2026 तक विशेष लक्ष्य आधारित अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रेशर हार्न, हूटर और मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे वाहनों को जब्त भी किया जाएगा।परिवहन विभाग ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। मोडिफाइड साइलेंसर या प्रेशर हार्न का उपयोग करने वाले वाहनों की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1800 1800 151 और 149 पर दर्ज कराई जा सकती है, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
फर्रुखाबाद में मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हार्न के खिलाफ चला अभियान, तीन ट्रक सीज
