अनीस बज्मी की फिल्म की शूटिंग के बीच अक्षय कुमार ने लिया ब्रेक!

अभिनेता अक्षय कुमार अपनी हालिया रिलीज हुई फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर सुर्खियों में हैं। प्रियदर्शन के साथ उनकी यह फिल्म हिट हो गई है। अब उन्होंने फिल्ममेकर अनीस बज्मी के साथ अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। इस बीच खबर आ रही है कि बहुत मसरूफ होने के बावजूद उन्होंने एक जरूरी काम के लिए वक्त निकाल लिया है। अक्षय कुमार ने अपनी आंखों की सर्जरी करवाई है। एचटी ने एक सूत्र के हवाले से लिखा ‘यह एक छोटी सी सर्जरी थी जो 6 मई, बुधवार की सुबह हुई। यह नजर ठीक करने के लिए थी। अक्षय अब थोड़ा ब्रेक लेंगे और आराम करेंगे। उन्होंने अनीस बज्मी के साथ अपनी अगली फिल्म का केरल शेड्यूल भी पूरा कर लिया है, जिसमें विद्या बालन और राशि खन्ना भी नजर आएंगी।’ हाल ही में अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर विद्या बालन और राशि खन्ना के साथ अपनी एक अपकमिंग फिल्म को लेकर पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में अक्षय ने अपकमिंग फिल्म के बारे में अहम जानकारी दी है। अक्षय कुमार ने पोस्ट में लिखा कि अच्छी जगह पर खूबसूरत लोगों के साथ काम करना बहुत अच्छा लगता है। उन्होंने निर्देशक अनीस बज्मी की तारीफ की और पूरी टीम को ‘अद्भुत’ बताया। इस तस्वीर के साथ अक्षय ने बताया कि उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग का केरल का पहला शेड्यूल पूरा कर लिया है।