फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मई 2026 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आज जिलाधिकारी फर्रुखाबाद और पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों के विरुद्ध चल रही कार्यवाही की गहन समीक्षा करना रहा।बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि समाज में भय और आतंक का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों एवं माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से चिन्हित गैंगस्टरों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया को तेज करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाए।इसके साथ ही लंबित मामलों में शीघ्र चार्जशीट दाखिल करने और विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, टॉप-10 अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें। इस दौरान जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
फर्रुखाबाद:कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर डीएम-एसपी की समीक्षा बैठक, गैंगस्टरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
