फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न, 09 मई को होगा आयोजन

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मई 2026 कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (09 मई 2026) के सफल आयोजन को लेकर लघु आपराधिक एवं धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों की तैयारी बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नीरज कुमार के निर्देशन में एडीआर भवन में सम्पन्न हुई।बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्री संजय कुमार ने की, जबकि संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया।बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक लघु आपराधिक एवं धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण हेतु चिन्हित किया जाए। साथ ही चिन्हित मामलों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।अब तक की प्रगति के अनुसार, धारा 138 एनआई एक्ट के कुल 54 मामलों तथा लघु आपराधिक मामलों के कुल 4200 मामलों को चिन्हित किया जा चुका है, जिन्हें आगामी लोक अदालत में निपटाने का लक्ष्य रखा गया है।बैठक में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्रीमती प्रीतिमाला चतुर्वेदी सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें सिविल जज, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य न्यायिक पदाधिकारी शामिल थे। सभी अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनमानस से भी अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों का त्वरित एवं सुलभ निस्तारण कराने हेतु राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ लें।