फर्रुखाबाद:कालिंद्री एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन का विरोध तेज, ज्ञापन देकर दी आंदोलन की चेतावनी।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मई 2026 जनपद की जीवनरेखा मानी जाने वाली कालिंद्री एक्सप्रेस के प्रस्तावित मार्ग परिवर्तन को लेकर जनपद में विरोध तेज हो गया है। बुधवार को फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मुख्य मांग रखी गई कि नई दिल्ली से फर्रुखाबाद होकर कानपुर जाने वाली कालिंद्री एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन कर शिकोहाबाद–इटावा होते हुए कानपुर करना गलत निर्णय है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह ट्रेन पिछले करीब 40 वर्षों से फर्रुखाबाद से संचालित हो रही है और दिल्ली जाने के लिए यह एकमात्र सीधी ट्रेन है। यदि इसका मार्ग बदला गया, तो स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि यदि तकनीकी कारणों से बदलाव आवश्यक हो तो ट्रेन को कन्नौज होते हुए मंधना तक चलाया जाए। उन्होंने बताया कि मंधना से अनवरगंज तक एलिवेटेड ट्रैक बनने के कारण इस रूट में बदलाव किया जा रहा है, लेकिन फर्रुखाबाद को इससे वंचित करना उचित नहीं होगा।

भईयन मिश्रा ने कहा कि फर्रुखाबाद के हजारों व्यापारी प्रतिदिन दिल्ली आना-जाना करते हैं और यह ट्रेन उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ट्रेन का मार्ग बदला गया या इसे हटाया गया, तो जनपद में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी रेलवे विभाग की होगी।

स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे उच्च अधिकारियों से बात कर इस मुद्दे का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे और कोशिश करेंगे कि ट्रेन पूर्व की भांति नई दिल्ली से फर्रुखाबाद तक चलती रहे।

अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अंगद पांडे (कोमल पांडे) ने भी कहा कि कालिंद्री एक्सप्रेस फर्रुखाबाद सहित कन्नौज, हरदोई और मैनपुरी के लोगों के लिए राजधानी से जुड़ने का प्रमुख साधन है। इसे बंद करना या मार्ग बदलना जनहित के खिलाफ होगा।

इस दौरान नीतीश दुबे (पूर्व सभासद), उमेश जाटव (सभासद), महेश अग्निहोत्री (पूर्व सभासद), नितिन गुप्ता (अध्यक्ष व्यापार मंडल), राजीव पाल, सनी बाथम, ओमनिवास पाठक, राजीव वर्मा, रजत वर्मा, आशू मिश्रा, आलोक मिश्रा, मलखान सिंह राजपूत, लकी गुप्ता, शिवांग बाजपेई, आशुतोष मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे।

👉 कुल मिलाकर, कालिंद्री एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन को लेकर फर्रुखाबाद में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।