फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 मई 2026 जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह द्वारा थाना राजेपुर व अमृतपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों की व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात, पुलिस बैरक, महिला हेल्प डेस्क तथा भोजनालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को भी परखा गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, थाना परिसर को स्वच्छ बनाए रखने तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई, जिससे महिलाओं से जुड़े मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं अनुशासित रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनसुनवाई में पारदर्शिता एवं त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता होनी चाहिए।इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ी है और थाना स्तर पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।
फर्रुखाबाद:अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने थाना राजेपुर व अमृतपुर का लिया जायजा
