फर्रुखाबाद: ग्राम सचिव पर जन्म प्रमाण पत्र बनाने में फर्जी आख्या लगाने का आरोप, डीएम से शिकायत

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मई 2026 जनपद के बढ़पुर ब्लॉक क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत सचिव पर जन्म प्रमाण पत्र बनाने में लापरवाही और फर्जी आख्या लगाने के आरोप लगे हैं। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धन्सुआ निवासी राजकुमार प्रजापति ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कर 3 मार्च 2026 को बढ़पुर ब्लॉक में जमा किए थे। इसके बावजूद कई बार ग्राम पंचायत जाने और संपर्क करने के बाद भी सचिव द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर 2 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई, तो ग्राम सचिव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब किसी भी आधार पर जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनाए जाएंगे। इसके बाद उनसे बार-बार नए सिरे से दस्तावेज और हस्ताक्षर करवाए गए।राजकुमार प्रजापति का कहना है कि उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम, जीएनएम और ग्राम प्रधान सहित सभी संबंधित लोगों के हस्ताक्षर दोबारा कराकर दस्तावेज जमा किए, लेकिन इसके बाद भी ग्राम सचिव ने कथित रूप से फर्जी रिपोर्ट लगाकर यह आख्या दे दी कि हस्ताक्षर दबाव में कराए गए हैं, इसलिए जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारियों पर दबाव डालकर उनसे मनमाफिक बयान लिखवाए गए। उनका दावा है कि इस संबंध में उनके पास ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसमें कर्मचारी स्वयं दबाव की बात स्वीकार कर रहे हैं।इस पूरे मामले को लेकर पीड़ित ने ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द जांच कराई जाए और उनके बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाएं, ताकि उन्हें आगे किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।