फर्रुखाबाद में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 80 किलो लहन नष्ट, 18 लीटर कच्ची शराब बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 मई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के नेतृत्व में यह अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

इसी क्रम में 01 मई 2026 को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम लकूला में सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण से जुड़े कई संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ली गई।

छापेमारी के दौरान मौके पर करीब 80 किलोग्राम लहन (कच्चा माल) को नष्ट किया गया, जबकि 18 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में एक अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसके अलावा क्षेत्र में स्थित कबाड़ी की दुकानों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

टीम द्वारा क्षेत्र की आबकारी दुकानों—बाग लकूला कम्पोजिट, बाग लकूला देशी, आवास विकास मॉडल शॉप और आवास विकास देशी—का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। साथ ही देशी शराब दुकानों की कैंटीन व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।