लखीमपुर खीरी : न अंगूठा न आधार और न ही खतौनी, बीच सड़क पर बटने लगी सरकारी खाद

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) सरकारी खाद (यूरिया/डीएपी) को रास्ते में ही अवैध रूप से बेचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं,जहाँ ट्रक ड्राइवर,परिवहन ठेकेदार या डीलर की मिलीभगत से किसानों के हिस्से की खाद रास्ते में ही बेच दी जाती है। गोला गोकर्णनाथ में शनिवार को मोहम्मदी रोड कंजा स्थित पेट्रोल पंप के पास लगभग 600 बोरी यूरिया खाद से भरी ट्रक रोककर ट्रक ड्राइवर महफूज द्वारा सरकारी कृभको कंपनी की खाद 2 बोरी बाइक सवारों को बेची जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने यूरिया खाद को ट्रांस्पोर्टर के ट्रक ड्राइवर द्वारा रास्ते में बिक्री किये जाने को गंभीरता से लेते हुए सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड गोला गोकर्णनाथ के सचिव बलवंत चौधरी से फोन से इस पूरे प्रकरण को जानना चाहा तो सचिव द्वारा लगातार फोन काट देने पर उप गन्ना आयुक्त परिक्षेत्र लखनऊ श्री शशिधर द्विवेदी जी से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, फोन पर उप गन्ना आयुक्त ने बताया इस पूरे प्रकरण की मुझे कोई जानकारी नहीं है। उप गन्ना आयुक्त के निर्देश पर सचिव ने आनन-फानन में पटेल श्रीकृष्ण वर्मा को फोन काल वापस कर बताया गया कि हमारे बड़े भाई की बेटी की शादी है हम गांव पर आए हुए हैं किंतु यूरिया खाद गन्ना समिति गोला गोकर्णनाथ की है जो ट्रक ट्रांस्पोर्टर की जिम्मेदारी में यूरिया खाद ममरी गोदाम पर उतारने और ट्रांस्पोर्टर व उसके ट्रक ड्राइवर द्वारा खाद उतारने का आर० आई० पर्चा न दिये जाने तक खाद की जिम्मेदारी गन्ना समिति की नहीं वह ट्रांसपोर्ट की है। सचिव ने बताया कि हमें जितनी खाद बोरियों का आर आई मिलेगा समिति उतना ही भुगतान करेगी। अब मामला यह है कि एक तरफ यूरिया खाद की किल्लत, मारामारी और वही दूसरी तरफ ट्रांस्पोर्टर के ट्रक ड्राइवर द्वारा रास्ते में ही न कोई अधिकारी, न ही अंगूठा, न ही आधार और न ही खतौनी और यूरिया खाद को विक्रय किया जाने लगा। किसान संगठनों ने इस पूरे प्रकरण पर प्रशासन से ठोस कार्यवाही की मांग की है जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।