फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अप्रैल 2026 जनपद में 12वीं कक्षा के बाद करियर को लेकर असमंजस में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए “नर्सिंग, फार्मेसी एवं पैरामेडिकल में प्रवेश एवं करियर काउंसलिंग” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने छात्रों को स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि वर्तमान समय में भारत में स्वास्थ्य सेवाओं का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे प्रशिक्षित नर्स, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह क्षेत्र युवाओं के लिए बेहतर और सुरक्षित करियर विकल्प बनकर उभर रहा है।नर्सिंग क्षेत्र पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का प्रतीक है। ANM, GNM, B.Sc Nursing और Post Basic Nursing जैसे कोर्स के माध्यम से विद्यार्थी इस क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं। प्रशिक्षण के बाद सरकारी एवं निजी अस्पतालों में रोजगार के अच्छे अवसर उपलब्ध हैं।फार्मेसी के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को D.Pharm, B.Pharm और M.Pharm जैसे कोर्स के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि फार्मेसी के क्षेत्र में दवा निर्माण, मेडिकल स्टोर, अस्पताल और रिसर्च संस्थानों में रोजगार के व्यापक अवसर मौजूद हैं।वहीं पैरामेडिकल क्षेत्र को भी तेजी से उभरता हुआ बताया गया, जिसमें BMLT, DMLT, एक्स-रे टेक्नीशियन, ओटी टेक्नीशियन, ऑप्टोमेट्री और फिजियोथेरेपी जैसे कोर्स शामिल हैं। इन क्षेत्रों में अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह भी सलाह दी गई कि वे करियर का चयन करते समय अपनी रुचि, योग्यता और आर्थिक स्थिति का ध्यान रखें तथा दूसरों की देखा-देखी निर्णय न लें।इस अवसर पर Chairperson डॉ. सुनीता यादव, Chairman डॉ. शैलेन्द्र सिंह, CMO अवनीन्द्र कुमार, SDM यदुवंश कुमार वर्मा, Careerkick के निखिल सचान, आयुर्वेदिक प्राचार्य डॉ. मंजुनाथ एन.एस., Vice Principal डॉ. तेंटू रामबाबू, नर्सिंग प्राचार्य डॉ. मीना कुमारी, फार्मेसी डायरेक्टर डॉ. प्रवीण गुप्ता, डॉ. शिवम चौबे तथा प्रशासनिक अधिकारी विशाल कटियार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अंत में आयोजकों ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
फर्रुखाबाद: नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल में करियर: विद्यार्थियों को मिला सही मार्गदर्शन
