गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) गोला गोकर्णनाथ में बन रहे छोटी काशी शिव मंदिर कॉरिडोर को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। बुधवार शाम डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अफसरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की हकीकत परखी और साफ संदेश दिया आस्था से जुड़े इस प्रोजेक्ट में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कॉरिडोर से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। कहा कि यह प्रोजेक्ट सीधे जनआस्था से जुड़ा है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाएं। डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कॉरिडोर तैयार होने के बाद गोला गोकर्णनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम व्यवस्था मिलनी चाहिए। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट भी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण से पहले डीएम अंजनी कुमार सिंह छोटी काशी शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान, मंत्रोच्चार और श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा भोलेनाथ के समक्ष जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की। मंदिर परिसर में कुछ समय रुककर उन्होंने व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े पहलुओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
लखीमपुर खीरी : डीएम ने गोला कॉरिडोर का किया निरीक्षण, शिव मंदिर में पूजा कर जनपदवासियों के लिए की सुख समृद्धि की कामना
