शिक्षकों के तैनाती स्थल क्षेत्र में ही लगाई जाए जनगणना में ड्यूटी
- ग्रीष्मकालीन अवकाश में जनगणना ड्यूटी पर मिले उपार्जित अवकाश
- उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप समस्याओं से कराया अवगत
कासगंज।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री मुनेश राजपूत के नेतृत्व में बुधवार को अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंप शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों द्वारा जनगणना की ड्यूटी के संबंध में संगठन को लगातार बताई गई समस्याओं को ज्ञापन में माध्यम से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। संघ ने शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों की जनगणना में वरिष्ठता के आधार कर उनके कार्यस्थल क्षेत्र में ही ड्यूटी लगाने हेतु अनुरोध किया। वरिष्ठता के आधार पर ही जनगणना सुपरवाइजर और प्रगणक बनाए जाएं। विद्यालयों में वर्तमान में नवीन नामांकन एवं स्कूल चलो अभियान के दृष्टिगत प्रधानाध्यापक और इंचार्ज को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग की। नगरीय निकायों में शिक्षकों की कमी के दृष्टिगत अन्य विभाग के कार्मिकों की ड्यूटी लगाए जाने की मांग रखी। संगठन का कहना है कि शिक्षकों की नियुक्ति क्षेत्र से 10-15 किमी दूर जाकर ड्यूटी करना न्यायोचित नहीं है। वहीं हृदय, लीवर, किडनी, मधुमेह आदि गंभीर रोगों से ग्रसित अथवा दुर्घटनावश गंभीर समस्याओं से ग्रस्त शिक्षकों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाए जाने और ड्यूटी से मुक्त रखने का अनुरोध किया गया। साथ ही ग्रीष्मकालीन अवकाश में जनगणना का कार्य कराए जाने के एवज में उपार्जित अवकाश देने की मांग की गई। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप यादव, उपाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह, लेखाकार सुशील बघेल, कोषाध्यक्ष सोरों चंद्रमोहन आदि संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
