दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके लिए दुआएं करने वालों को धन्यवाद कहा और बताया कि अब उनकी हालत ठीक है।दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज लुंगी एनगिडी चोटिल हो गए थे। यह हादसा पंजाब की पारी के तीसरे ओवर में हुआ। मिड-ऑफ से दौड़ते हुए कैच लेने की कोशिश में एनगिडी संतुलन खो बैठे और गिरते समय उनके सिर का पिछला हिस्सा जमीन से जोर से टकरा गया। चोट इतनी गंभीर थी कि तुरंत फिजियो को मैदान पर बुलाना पड़ा। मेडिकल टीम ने एहतियातन उनके गले में नेक ब्रेस लगाया और स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि इलाज के दौरान वह होश में थे और डॉक्टरों से बातचीत भी कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्टेडियम से अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। भारी ट्रैफिक के बावजूद एनगिडी को महज 11 मिनट में अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उन्हें समय पर इलाज मिल सका।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आया लुंगी एनगिडी का रिएक्शन
