फर्रुखाबाद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं पाई गई संतोषजनक

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अप्रैल 2026 जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश भी दिए।अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ तथा दुर्गा नारायण पी0जी0 कॉलेज का भ्रमण किया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का गहन निरीक्षण किया गया। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं सीसीटीवी कैमरे भी सुचारू रूप से संचालित होते मिले।उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में 384 में से 287 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में 384 में से 274 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज में 384 में से 282 परीक्षार्थी शामिल हुए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के भी सख्त निर्देश दिए गए।प्रशासन की सतर्कता और पुख्ता इंतजामों के चलते सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होती पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।