फर्रुखाबाद में बेटियों का परचम: 10वीं और 12वीं में छात्राओं ने किया जिला टॉप

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 जनपद में इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं ने टॉप कर अपनी मेहनत और लगन का लोहा मनवाया है।

हाईस्कूल परीक्षा में एसके इंटर कॉलेज, मंझना की छात्रा अंशिका यादव ने 600 में से 580 अंक प्राप्त कर 96.17% के साथ जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। अंशिका की इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वोदय इंटर कॉलेज, पीपरगांव की छात्रा नैंसी राठौर ने 500 में से 461 अंक प्राप्त कर 92.20% के साथ जिला टॉप किया। नैंसी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

दोनों छात्राओं की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और परिजनों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर क्षेत्रीय लोगों ने भी इन प्रतिभाशाली बेटियों की सराहना की और कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।

बेटियों की इस कामयाबी ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि अगर अवसर और सहयोग मिले, तो बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं।