फर्रुखाबाद: कंडम एंबुलेंस में लगी भीषण आग, दमकल ने पाया काबू — सीएचसी कंपिल में मची अफरा-तफरी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 जनपद के थाना कंपिल क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में खड़ी एक कंडम एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस से धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। स्थिति बिगड़ती देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। करीब 20 मिनट में मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

अस्पताल परिसरों में खड़ी हैं कंडम एंबुलेंस

जानकारी के मुताबिक, करीब 9 महीने पहले 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के तहत जिले को 19 नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई थीं। इसके बाद पुरानी और कंडम हो चुकी एंबुलेंस को विभिन्न अस्पताल परिसरों में खड़ा कर दिया गया था। सीएचसी कंपिल में भी ऐसी ही कई एंबुलेंस लंबे समय से निष्क्रिय अवस्था में खड़ी थीं।

कूड़े में लगाई आग बनी हादसे की वजह

एंबुलेंस प्रभारी विजय चौहान के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सुबह सफाई के दौरान एक कर्मी ने कूड़े के ढेर में आग लगाई थी। आशंका है कि उसी आग की चिंगारी से पास खड़ी एंबुलेंस ने आग पकड़ ली। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

बड़ा हादसा टला

गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति एंबुलेंस के आसपास मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना ने अस्पताल परिसरों में खड़ी कंडम वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।