फर्रुखाबाद: गैस वितरण में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, मधु गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को कमालगंज स्थित मधु गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गैस वितरण में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

जांच के दौरान पाया गया कि 08 अप्रैल को की गई गैस बुकिंग की डिलीवरी अब तक उपभोक्ताओं को नहीं मिली है। इस पर जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालकों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें गैस सिलेंडर प्राप्त हुए बिना ही डिलीवरी का मैसेज मिल जाता है। इस अनियमितता को जिलाधिकारी ने बेहद गंभीर माना और इसे उपभोक्ता हितों के साथ धोखा करार दिया।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि बिना वास्तविक डिलीवरी के किसी भी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति का संदेश न भेजा जाए। साथ ही सभी उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने और लंबित बुकिंग का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।