योगेंद्र कुमार (सहायक अधीक्षक, तिहाड़ जेल एवं मानद पशु कल्याण प्रतिनिधि भारतीय पशु कल्याण बोर्ड) के मार्गदर्शन में सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर-2, टैगोर गार्डन, नई दिल्ली-27 में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पृथ्वी के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता (विषय: “पृथ्वी को कैसे सुरक्षित करें”) एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योगेंद्र कुमार ने विद्यालय की लगभग 1700 छात्राओं को पृथ्वी की रक्षा हेतु संकल्प दिलाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक फलदार एवं ऑक्सीजन प्रदान करने वाले वृक्ष लगाने होंगे तथा सभी जीव-जंतुओं की रक्षा करनी होगी, जिससे पृथ्वी का पारिस्थितिक संतुलन बना रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ज्योति ने भी विद्यार्थियों से अपील की कि वे वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और पृथ्वी को बचाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
इस अवसर पर बी.के. पाण्डेय, इंदर सोनी (मानद पशु कल्याण प्रतिनिधि), सोनू एवं रेखा बेरी ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
नई दिल्ली:विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
