फर्रुखाबाद: कायमगंज पुलिस की बड़ी सफलता — चोरी के माल सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, नकदी व जेवर बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अप्रैल 2026 जनपद की कोतवाली कायमगंज पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किया गया माल और नकदी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के निर्देशन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई। कोतवाली कायमगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 105/2026 धारा 331(4)/305/317(2) बीएनएस के तहत यह कार्रवाई की गई।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ उर्फ अंशु पुत्र अनुज गंगवार और कार्तिक गंगवार पुत्र अजय के रूप में हुई है, जो पटवन गली, साईं मंदिर के पास, कायमगंज क्षेत्र के निवासी हैं।

घटना का विवरण

गौरतलब है कि 17 अप्रैल 2026 को वादी बृजेश शर्मा ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जब वे अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए थे, तभी अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने घर की छत के रास्ते अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बाद में चोरी का सामान आपस में बांट लिया और बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में कबूल किया जुर्म

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है—02 सोने की चैन,03 पेंडल,07 अंगूठियां,02 मंगलसूत्र,01 जोड़ी बाली,01 जोड़ी कुंडल,12 जोड़ी पायल,05 सिक्के,04 जोड़ी बिछिया,01 चाबी दानी,₹35,000 नकद

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।