फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अप्रैल 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग लगातार सक्रिय बना हुआ है। इसी क्रम में आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार प्रवर्तन अभियान के तहत शनिवार को मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र की आबकारी दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर की गहन जांच की गई तथा पीओएस (POS) मशीन से हो रही बिक्री का सत्यापन किया गया। साथ ही ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विभागीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
