फर्रुखाबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण पर उठे सवाल, सपा नेताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 जनपद में चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी/

जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिले के विभिन्न बूथों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली की गई है। सपा नेताओं का कहना है कि अनेक पात्र और जीवित मतदाताओं के नाम बिना किसी ठोस आधार के सूची से काट दिए गए हैं, जबकि कई स्थानों पर अपात्र और बाहरी व्यक्तियों के नाम नियमों को दरकिनार कर जोड़े गए हैं।

इसके अलावा, निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों—ईआरओ, सुपरवाइजर और बीएलओ—पर भी लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि डोर-टू-डोर सत्यापन के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे मतदाता सूची की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया सत्ता पक्ष को लाभ पहुंचाने और अन्य दलों को कमजोर करने की मंशा से की गई है, जो कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के विपरीत है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करती है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि गलत तरीके से काटे गए नामों को पुनः जोड़ा जाए, अवैध रूप से जोड़े गए नामों को तत्काल हटाया जाए तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए।

इस दौरान जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य एडवोकेट, संजय सिंह चौहान, अशोक कुमार पाल एडवोकेट, राजीव कुमार शाक्य एडवोकेट, प्रमोद कुमार सिंह, राजेश कुमार शाक्य ,ब्रजेश कुमार, अनुराग सिंह, देवेंद्र यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन किया जाएगा।