फर्रुखाबाद: सदर विधानसभा सम्मेलन में डॉ. अंबेडकर के विचारों पर जोर, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य रहे मुख्य वक्ता

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अप्रैल 2026 सदर विधानसभा क्षेत्र में गुड़गांव देवी मंदिर स्थित मातृ छाया गेस्ट हाउस में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सम्मेलन में इटावा जनपद के पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा क्षेत्रीय कार्य समिति सदस्य आदित्य मिश्रा ने किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जो डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलकर समाज के गरीब, वंचित, पिछड़े एवं शोषित वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान में सभी वर्गों को न्याय दिलाने की समुचित व्यवस्था की गई है।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल डॉ. अंबेडकर के नाम पर वोट तो हासिल करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनके विचारों को नजरअंदाज कर देते हैं। वहीं भाजपा सरकार ने उनके विचारों से प्रेरणा लेकर गरीब कल्याण के कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

रघुराज सिंह शाक्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने मिलकर दलित समाज को भ्रमित करने का कार्य किया है, लेकिन अब दलित वर्ग उनकी नीतियों को समझ चुका है और भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब-जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आई, तब-तब दलित महापुरुषों का अपमान हुआ और उनके नाम पर बने स्मारकों को नुकसान पहुंचाया गया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अनुराग दुबे, जिला मंत्री श्वेता दुबे, पंकज पाल, रामनरेश गौतम, सुजीत कठेरिया, फर्रुखाबाद पश्चिम मंडल अध्यक्ष वीर बहादुर पाल, बढ़पुर मंडल अध्यक्ष संतोष राजपूत, अजय कटियार, मंडल महामंत्री आरके दीक्षित, प्रमोद मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।