फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अप्रैल 2026 भारतीय जनता पार्टी के आवास विकास स्थित जिला कार्यालय पर आज जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों विशेषकर 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती तथा नारी वंदन अधिनियम 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार अंबेडकर जयंती को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि 15 से 18 अप्रैल के बीच पार्टी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक दलित बस्तियों में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
उन्होंने आगे बताया कि 14 अप्रैल को जहां-जहां अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही दलित बाहुल्य बूथों पर गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।
अंबेडकर जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत 16 अप्रैल को फर्रुखाबाद के गुड़गांव देवी मंदिर एवं कायमगंज के सीपी गेस्ट हाउस में संगोष्ठी आयोजित होगी। वहीं 17 अप्रैल को भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के जहानगंज स्थित रामाधार कोल्ड स्टोरेज एवं अमृतपुर विधानसभा के ग्राम दहेलिया में भी संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रदेश स्तर के वक्ता शामिल होंगे।
नारी वंदन अधिनियम 2026 के तहत 17 अप्रैल को कायमगंज और फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्रों में तथा 18 अप्रैल को अमृतपुर और भोजपुर विधानसभा क्षेत्रों में नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं को अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा 15 से 17 अप्रैल के बीच पद यात्राओं का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह जिला एवं मंडल स्तर पर बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी, जिनमें सभी अभियानों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी कार्यक्रमों को सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रूप से साझा किया जाएगा।
बैठक में जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौड़, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जितेंद्र सिंह, सर्वेश कुशवाहा, अशनील दिवाकर, अनुराग दुबे, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अनुराग सिंह, पंकज पाल, मनोज गंगवार, शिव मोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, प्रतिभा राजपूत, श्वेता दुबे, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता एवं जिला कार्यालय प्रभारी संजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
