पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव प्रचार में हर पार्टी अपनी पूरी ताकत झोक रही है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। बीरभूम जिले के सूरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह बुलडोजर राजनीति में विश्वास नहीं रखती हैं। ममता बनर्जी ने योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कहा कि कल किसी ने यहां उत्तर प्रदेश की तरह बुलडोजर चलाने की बात कही थी। उन्होंने साफ किया कि वह नफरत या बुलडोजर नहीं, बल्कि प्यार के सिद्धांत में विश्वास करती हैं। दरअसल, एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के शासन को खत्म करने के लिए यूपी मॉडल अपनाने की बात कही थी। ममता बनर्जी ने इसी का जवाब दिया है। रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नामांकन की जांच के दौरान चुनाव आयोग ने उन्हें चार घंटे तक परेशान किया। ममता ने चेतावनी देते हुए कहा कि वह इस बात को आसानी से नहीं भूलेंगी और इसे अंजाम तक पहुंचाएंगी। ममता बनर्जी ने दावा किया कि केंद्र सरकार और 19 राज्यों की सरकारें मिलकर उन्हें निशाना बना रही हैं। उन्होंने कहा कि वह आम जनता के हक के लिए अकेले लड़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि भाजपा दिल्ली से सुरक्षा बल लाकर बंगाल का चुनाव नहीं जीत पाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस 226 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में आएगी।
ममता बनर्जी ने भापजा पर बाहर से लोग लाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि ट्रेन और बसों के जरिए भीड़ जुटाई जा रही है। उन्होंने अमित शाह के इलाके का जिक्र करते हुए कहा कि मोटाभाई के यहां से भी लोग लाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 12 साल से उन्हें परेशान कर रही है। अब मन की बात के नाम पर बच्चों के दिमाग को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। बात दें कि बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को नतीजे आएंगे।
