फर्रुखाबाद:अमेठी कोहना में महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर भव्य आयोजन, महिला शिक्षा के महत्व पर दिया गया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अप्रैल 2026 हेल्पिंग पीपल्स ग्रुप, अमेठी कोहना फर्रुखाबाद के तत्वावधान में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले जी का जन्म दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शिवरतन सिंह शाक्य की अध्यक्षता में महात्मा ज्योतिबा फुले जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने फुले जी के जीवन और उनके सामाजिक योगदान को विस्तार से याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ऐसे महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों और जड़ता को चुनौती देकर नई दिशा प्रदान की। उस समय जब महिलाओं को शिक्षा से वंचित रखा जाता था और उन्हें केवल घर की चारदीवारी तक सीमित माना जाता था, तब उन्होंने इस सोच को बदलने का साहसिक प्रयास किया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर भारत का पहला बालिका विद्यालय स्थापित किया, जो उस दौर में एक क्रांतिकारी कदम था। उनका मानना था कि “नारी को शिक्षित करना, पूरे समाज को शिक्षित करना है।”

इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया गया कि वे शिक्षा, सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी ने मिलकर भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ. शिवरतन सिंह शाक्य, विजय शाक्य, विजय प्रताप सिंह, अचल प्रताप सिंह एडवोकेट, जतिन शाक्य (उर्फ गोलू), रामू शाक्य, सुधीर शाक्य, देवेश कुशवाहा, सचिन शाक्य,  अतुल कुमार, शिव शाक्य आदि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।