फर्रुखाबाद: अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर सख्ती, दो ट्रक सीज।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अप्रैल 2026 शासन के निर्देशानुसार जनपद में अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान में क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, एआरटीओ फतेहगढ़ तथा यातायात पुलिस की टीम शामिल रही। टीम ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की, जिसमें खनन सामग्री से लदे वाहनों को विशेष रूप से चेक किया गया।

चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दो ओवरलोड ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।