लखीमपुर खीरी : ओलावृष्टि और प्रशासनिक उपेक्षा से बेहाल किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम गोला को सौंपा

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) क्रांतिकारी किसान समिति संबद्ध भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी के स्टेनो भगवती प्रसाद गुप्ता को सौंपा। क्रांतिकारी किसान समिति के अध्यक्ष अमनदीप सिंह संधू ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि हाल ही में हुई भीषण ओलावृष्टि और लगातार हो रही बारिश से प्रदेश भर में फसलों को भारी क्षति हुई है अतः उत्तर प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश को प्राकृतिक आपदा ग्रस्त’ घोषित करे। समिति के पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू होनी थी लेकिन केंद्रों पर बारदाना न होने के कारण खरीद ठप पड़ी है जिससे किसान दर-दर भटकने को मजबूर है। ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई है – गेहूं की एम.एस.पी.पर किसानों को कम से कम 200 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाए, सुस्त प्रशासनिक प्रणाली के कारण रुके हुए किसान सत्यापन के कार्य को तत्काल पूर्ण किया जाए, चीनी मिलों द्वारा गन्ना किसानों का बकाया भुगतान ब्याज सहित जल्द से जल्द कराया जाए।
ज्ञापन देते समय मुख्य रूप से क्रांतिकारी किसान समिति के अध्यक्ष अमनदीप सिंह संधू, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार वर्मा, युवा जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पटेल, युवा जिला उपाध्यक्ष उत्तम यादव, विधानसभा अध्यक्ष (पलिया) राम कुमार वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष (बांकेगंज) विवेक कुमार वर्मा, जसकरण लाल गौतम सहित अन्य किसान मौजूद रहे।