फर्रुखाबाद में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक, पेयजल योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अप्रैल 2026 जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आज जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जनपद में चल रही पेयजल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में जनपद में दो प्रमुख कार्यदायी संस्थाएं—मै० जी०वी०पी०आर० एवं मै० वी०टी०एल० गजा—पेयजल योजनाओं के निर्माण एवं संचालन का कार्य कर रही हैं।

समीक्षा में बताया गया कि मै० जी०वी०पी०आर० द्वारा अब तक 66 उच्च जलाशयों का निर्माण किया जा चुका है। इसके साथ ही 181 पेयजल योजनाओं में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है तथा 61 योजनाओं का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण पूर्ण हो चुका है।

वहीं, मै० वी०टी०एल० गजा द्वारा 148 उच्च जलाशयों का निर्माण कराया गया है। संस्था के अंतर्गत 100 पेयजल योजनाओं में नियमित जलापूर्ति की जा रही है और 158 योजनाओं का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है।

बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने कार्यदायी संस्था मै० जी०वी०पी०आर० को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को शीघ्र एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनपद के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो, जिससे आमजन को इसका सीधा लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण किया जा सके।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर जनपद में ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जाएगा।