फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अप्रैल 2026 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद फर्रुखाबाद में चलाए गए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के सफल समापन के उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का विधिवत परीक्षण कर उनका निस्तारण किया गया।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं, जबकि अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नामों को सूची से विलोपित करते हुए इसे पूर्णतः अद्यतन किया गया है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक एवं विश्वसनीय बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची संबंधित मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालयों एवं अन्य निर्धारित माध्यमों पर आम जनता के अवलोकन हेतु उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की अवश्य जांच कर लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते सुधार कराया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला होती है। इसी क्रम में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मतदाता सूची की जांच कर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
