फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अप्रैल 2026 जनपद के नीवकरोरी पावर हाउस के पुठरी फीडर से जुड़ी विद्युत लाइन से निकली चिंगारी ने एक बड़ी घटना को जन्म दे दिया। आसलपुर निवासी किसान ओमकार पाल के गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग तेजी से फैलते हुए आसपास के खेतों को अपनी चपेट में लेने लगी। स्थिति गंभीर होती देख खेतों में काम कर रहे। किसानों ने तुरंत साहस और एकजुटता का परिचय दिया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे किसानों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और बड़ी मशक्कत के बाद करीब 50 बीघा गेहूं की फसल को जलने से बचा लिया।
हालांकि, इस घटना में लगभग 1 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। यदि समय रहते ग्रामीण सक्रिय न होते, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
जर्जर विद्युत लाइनों से बढ़ रहा खतरा
ग्रामीण क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत लाइनें जर्जर हालत में हैं। तारों के ढीले होने के कारण वे तेज हवा में आपस में टकराते हैं, जिससे चिंगारी निकलती है। यही चिंगारी खेतों में आग लगने का प्रमुख कारण बन रही है।
स्थानीय किसानों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि जर्जर विद्युत लाइनों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
