फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अप्रैल 2026 जनपद में फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा बुधवार को फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक की गई, जिसमें कार्य प्रगति संतोषजनक न मिलने पर सख्त कार्रवाई की गई।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दिनांक 07 अप्रैल 2026 को फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति रिपोर्ट शून्य दर्ज की गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर प्रश्न उठाए।
लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए गए कुल 54 लेखपालों पर कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें तहसील अमृतपुर के 3 लेखपाल, तहसील सदर के 26 लेखपाल तथा तहसील कायमगंज के 25 लेखपाल शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कार्य में तेजी लाएं और प्रतिदिन की प्रगति सुनिश्चित करें।
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोहराई गई तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
