फर्रुखाबाद:विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में जागरूकता गोष्ठी आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अप्रैल 2026 माननीय जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन एडीआर भवन के सभागार कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करने के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी संजय कुमार VI ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन ही खुशहाल जीवन की आधारशिला है। लोगों को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के महत्व को समझते हुए संतुलित जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) श्रीमती प्रियंका गांधी ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और परिचितों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया और सभी परा विधिक स्वयंसेवकों व अधिकार मित्रों को स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि 25 अप्रैल 2026 से पूर्व परा विधिक स्वयंसेवकों के लिए संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम मैनपुरी में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी को भाग लेने के लिए अभी से तैयारी शुरू करनी चाहिए।

कार्यक्रम में मध्यस्थता केंद्र के जवाहर सिंह गंगवार, लीगल एंड डिफेंस काउंसिल के चीफ शिव नरेश एडवोकेट, डिप्टी चीफ सुरेंद्र कुमार राणा एडवोकेट, प्रधान लिपिक राम सिंह मौर्य सहित अधिकार मित्र एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गोष्ठी के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।