आजमगढ़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अप्रैल 2026 योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद आजमगढ़ में दुग्ध विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था, गोरखपुर के विस्तार के अंतर्गत नवनिर्मित दुग्ध अवशीतन केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मोबाइल वेटरनरी यूनिट तथा कृत्रिम गर्भाधान सेवा के अवशीतन केंद्र का भी शुभारंभ किया। इन सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्र के पशुपालकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि और पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” योजना और बायोगैस प्लांट से जुड़ी लाभार्थी महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को समाज के विकास का आधार बताते हुए कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो पूरा परिवार सशक्त होता है। परिवारों की यह मजबूती ही समाज और राष्ट्र निर्माण को गति देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दुग्ध उत्पादन से जुड़े इस तरह के प्रोजेक्ट न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति देंगे।
उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर वर्ग को सशक्त बनाना है, ताकि उत्तर प्रदेश देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा सके।
