फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अप्रैल 2026 जनसुनवाई के दौरान एक सराहनीय एवं मानवता से परिपूर्ण उदाहरण सामने आया, जब अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिव्यांग फरियादियों की समस्या को प्राथमिकता दी।
जनसुनवाई के समय जब अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनी जा रही थीं, तभी उनकी नजर ऐसे दिव्यांग फरियादियों पर पड़ी, जो शारीरिक असमर्थता के कारण कार्यालय की सीढ़ियां चढ़ने में असमर्थ थे। यह देखते ही उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए स्वयं कार्यालय से बाहर आकर फरियादियों के पास पहुंचे।
उन्होंने मौके पर ही फरियादियों से उनके प्रार्थना पत्र लिए और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक एवं विस्तार से सुना। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देशित किया।
अपर पुलिस अधीक्षक का यह कदम न केवल पुलिस विभाग की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि पुलिस का कार्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सेवा करना भी है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की संवेदनशीलता से आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत होता है।
