फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अप्रैल 2026 जनपद में शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में थाना जहानगंज पुलिस द्वारा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) की गई।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों तथा मुख्य मार्गों पर भ्रमण किया। गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखते हुए लोगों से संवाद भी स्थापित किया, ताकि सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जा सके।
पुलिस ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही, क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग करने का आह्वान किया गया।
प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी ने बताया कि इस प्रकार की पैदल गश्त आगे भी लगातार जारी रहेगी, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होती दिखाई दे रही है तथा आमजन में विश्वास का माहौल बना हुआ है।
