कासगंज:आई टी आई द्वारा निर्मित बस इसी माह करेगी जनपद का भ्रमण

  • 27 अप्रैल से 11 मई तक प्रस्तावित है जनपद में बस भ्रमण का कार्यक्रम
  • बस में विज्ञान संबंधित उपकरणों की जानकारी करेंगे विद्यार्थी
  • तीनों तहसीलों में बनाए जाएंगे नोडल प्रभारी

कासगंज। जनपद में इसी महीने विज्ञान बस के भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। विज्ञान उपकरणों से सुसज्जित इस विज्ञान बस का निर्माण आईआईटी कानपुर के द्वारा किया गया है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जागरूकता उत्पन्न करना है। जनपद के विद्यार्थी बस का अवलोकन कर विज्ञान के उपकरणों से परिचित होंगे और उनका उपयोग करना भी जानेंगे। जिले की तीनों तहसीलों में बस के भ्रमण को लेकर कार्य योजना तैयार की जा रही है। पंद्रह दिनों तक विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क भ्रमण करेगी।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ के प्रमुख सचिव के निर्देश पर सभी जिलों में वैज्ञानिक गतिविधियों के अंतर्गत विज्ञान बस का संचालन जिला विज्ञान क्लब के माध्यम से किया जाएगा। जिसके लिए 27 अप्रैल से 11 मई तक जनपद में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है।
जिला विज्ञान क्लब समन्वयक डा. जयंत कुमार गुप्ता ने बताया कि बस में आप्टीकल बैंच, मीटर ब्रिज, माइक्रोस्कोप, बर्नियर कैलीपर्स, स्कूगेज, मैगनेटिक स्टिरर आदि उपकरण उपलब्ध रहेंगे। साथ ही टेलीस्कोप, थ्रीडी प्रिंटर आदि भी उपलब्ध रहेंगे। यह बस जिले की तीनों तहसीलों एवं सातों ब्लाकों का भ्रमण करेगी, जिससे विद्यार्थियों में ज्ञानार्जन, नवाचार एवं नवीन जिज्ञासाओं का विकास हो सके। बस के भ्रमण की तिथियां अनुमोदन के लिए शासन को भेज दी गई है।