फर्रुखाबाद: हनुमान जयंती पर विश्व हिंदू महासंघ का भव्य सुंदरकांड पाठ, संगठन मजबूती का लिया संकल्प

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अप्रैल 2026 जनपद में श्री हनुमान जयंती के पावन अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ द्वारा सदर तहसील उपाध्यक्ष हर्ष राजपूत के आवास, आवास विकास कॉलोनी में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्रीराम के परम भक्त श्री हनुमान जी महाराज के सुंदरकांड का श्रवण किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के गगनभेदी जयघोषों से संपूर्ण क्षेत्र गुंजायमान हो गया, जिससे ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा आवास विकास कॉलोनी प्रभु भक्ति में लीन हो गया हो।

इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ के साथ संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्री हनुमान जी महाराज के समक्ष संकल्प लिया कि वे संगठन के विस्तार, समाज सेवा के कार्यों को गति देने तथा हिंदू समाज की एकता को मजबूत करने हेतु पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। साथ ही भविष्य में नियमित रूप से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से संगठनात्मक बैठकों के आयोजन का निर्णय भी लिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक सुंदरकांड पाठ का श्रवण कर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस किया। पाठ के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस आयोजन में जिला अध्यक्ष अरविन्द शुक्ला, गिर्राज दुबे, कानपुर मंडल अध्यक्ष सुनीता अग्निहोत्री, मातृशक्ति जिला अध्यक्ष मंजू तोमर, जिला संरक्षक लक्ष्मी शरण सिंह, युवा जिला अध्यक्ष रामेंद्र सिंह वैस, सदर तहसील अध्यक्ष भास्कर अग्निहोत्री, मधुर मिश्रा, मोहित दीक्षित, आलोक दीक्षित, रवि प्रताप बाथम, संतोष गुप्ता, श्याम कुमार, हर्ष राजपूत, सत्यम वर्मा, मोहन दुबे, राज पांडे, लकी बाथम, शिवम वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।