‘विराट-रोहित को बाहर करें या?’ वर्ल्ड कप 2027 को लेकर युवराज सिंह ने टीम मैनेजमेंट को सुनाई खरी-खोटी

भारत के पूर्व दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। युवराज का मानना है कि रोहित और विराट की वनडे विश्व कप 2027 को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। सिंह का कहना है कि इन दोनों के कद जैसे खिलाड़ी को अपनी भूमिका पता होनी चाहिए। उनके साथ बैठकर बात करने की जरूरत है।

गौरतलब है कि रोहित और विराट वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर प्रतिबद्ध दिखाई देते हैं। रोहित ने पिछले कुछ समय से अपनी फिटनेस पर काम किया है, जो उनके विश्व कप में खेलने की चाहत को दर्शाता है। दोनों दिग्गजों ने हाल के समय में अपनी फॉर्म भी दिखाई है। आखिरी वनडे सीरीज में कोहली ने दो शतक लगाए थे। तो वहीं हिटमैन 38 की उम्र में वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचे थे। ऐसे में अब युवराज का मानना है कि उन्हें पूरी स्पष्टता होनी चाहिए।
युवराज ने कहा, “मुझे नहीं पता है कि उन दोनों के मन में क्या चल रहा है। वे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। मुझे लगता है कि ये फैसला उनके और सेलेक्टर्स पर निर्भर करता है, जिन्हें भविष्य का निर्णय लेना है। वे इतने महान खिलाड़ी हैं और इस वजह से स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उनके साथ कमरे में बैठकर खुलकर चर्चा करनी चाहिए। करियर के इस पड़ाव में ये बहुत मुश्किल होता है। शायद आपको सुनना ये अच्छा न लगे कि टीम से आपके आगे की योजना पर विचार कर रही है।”