फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अप्रैल 2026 जनपद के कोतवाली क्षेत्र के नाला मछरट्टा में स्थित सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए ब्लास्ट के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल हुए पूर्व प्रधान उदय प्रताप सिंह उर्फ भैयालाल चौहान निवासी नूरपुर, थाना मऊदरवाजा की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
घटना के बाद भैयालाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस ब्लास्ट में पूर्व विधायक के दोनों पुत्रों सहित कुल 6 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए विधायक के पुत्रों समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मृतक भैयालाल को भी पुलिस ने इस मामले में आरोपी बनाया था।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह (फतेहगढ़) के अनुसार, सभी आरोपियों का इलाज पुलिस निगरानी में कराया जा रहा था। घटना को लेकर पुलिस जांच जारी है और ब्लास्ट के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
यह मामला क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।
